Breaking
21 Apr 2026, Tue

बीएनपी देवास में प्रबंधन की नीतियों के खिलाफ कर्मचारियों का विशाल विरोध प्रदर्शन

देवास। भारतीय बैंक नोट प्रेस (बीएनपी) देवास में कर्मचारियों ने भारतीय बैंक नोट प्रेस मजदूर संघ के बैनर तले प्रबंधन की “दोहरी नीति” के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन कारखाना मुख्य द्वार पर आयोजित किया गया, जिसमें कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए अपना आक्रोश व्यक्त किया। मजदूर संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले 35 दिनों से प्रबंधन ने समझौते के नाम पर कार्य अवधि को 8 घंटे कर दिया है, जिससे कर्मचारियों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। इसके साथ ही उत्पादन में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। सूत्रों के अनुसार, नासिक स्थित नोट प्रेस इकाई में श्रम संघ ने समय पर अपना समझौता पूर्ण कर लिया है और अब वह बीएनपी देवास का कार्य करने का प्रयास कर रहा है। इस स्थिति को लेकर देवास इकाई के कर्मचारियों में नाराजगी है। मजदूर संघ का कहना है कि यह न केवल कर्मचारियों के लिए नुकसानदेह है, बल्कि भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के एक महत्वपूर्ण संस्थान के रूप में राष्ट्र के लिए भी हानिकारक है। इसी चिंता को लेकर शुक्रवार को कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में प्रदर्शन में भाग लिया और पूर्ण रूप से भारतीय मजदूर संघ को समर्थन दिया।