Breaking
20 Apr 2026, Mon

माताजी टेकरी पर कोई भी दुकानदार प्रसाद के नाम पर ग्राहकों से पार्किंग का पैसा नहीं वसूलेगा- कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित

देवास। कलेक्टर ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक में कलेक्टर ऋतुराज सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद ने यातायात व्यवस्था, महिला अपराध रोकथाम, एसटी/एससी अपराध, नशा मुक्ति, चिन्हित अपराध, गबन धोखाधडी और अवैध खनन संबंध विषयों पर विस्तृत समीक्षा की। बैठक में नगर निगम सभापति श्री रवि जैन, नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार, अपर कलेक्टर श्री शोभाराम सोलंकी, अपर कलेक्टर श्री संजीव जैन, एसडीएम बागली शिवम यादव, एसडीएम टोंकखुर्द संजीव सक्सेना, एसडीएम खातेगांव प्रवीण प्रजापति, एसडीएम कन्नौद श्री कन्हैयालाल तिलवारी सहित जिला अधिकारीगण एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि राहवीर योजना और कैशलेस स्कीम का उद्देश्य सडक़ दुर्घटनाओं के दौरान जान बचाना और घायलों को तुरंत चिकित्सा सहायता प्रदान करना है। इन योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाये। आरटीओ राहवीर और कैशलेश स्कीम के अलग-अलग पंपलेट बनाकर सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक प्रसारित करें। जिससे नागरिकों को दोनों योजनाओं को समझने में आसानी हो। कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने देवास में माताजी टेकरी पर श्रद्धालुओं के लिए आवागमन को सुगम बनाने, व्यवस्थाओं को सुधारने और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर करने के संबंध में निर्देश देते हुए कहा कि माताजी टेकरी क्षेत्र में लाइसेंस वाली दुकानों को ही लगाने की अनुमति दें, अवैध अतिक्रमण कर लगाई गई दुकानों को अभियान चलाकर हटाने की कार्यवाही करें। उन्होंने माताजी टेकरी पर पाथ वे पर लाइट लगाने, बंद लाइट का चालू करने और कैमरा लगाए जाने संबंधी निर्देश दिये। पुलिस को भी समय-समय पर गस्त लगाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि नवरात्रि को देखते हुए पहले से प्लान बनाकर कार्य करें। माताजी टेकरी के आसपास लगने वाली दुकानों को अनुमति देने के साथ ही अनुमति पत्र में शर्तो का उल्लेख भी करें। कोई भी दुकानदार प्रसाद के नाम पर ग्राहकों से पार्किंग का पैसा नहीं वसूलेगा। कलेक्टर श्री सिंह ने देवास शहर में विकास नगर चौराहा स्थित फ्लाई ओवर के नीचे वाहन पार्किंग की सुचारू व्यवस्था के संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सर्विस रोड पर पार्किंग नहीं करने दें। नगर निगम और ट्रॉफिकप्लान बनाकर पार्किंग के लिए जगह आवंटित करें। देवास शहर में एबी रोड से अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम और पुलिस की टीम साथ में मिलकर कार्य करें। कलेक्टर ने कहा कि आरटीओ और ट्रॉफिक पुलिस बिना परमिट वाले वाहनों के विरूद्ध संयुक्त रूप से अभियान चलाकर कार्रवाई करें। चेकिंग पॉईंट लगाकर ड्राइवरों के लाइसेंस, नशे की स्थिति और ड्रेस संबंधी जांच करें। कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि क्षमता से अधिक सवारी बिठाने और तेज गति से बस चलाने वालों पर कार्रवाई करें। उन्होंने व्यवसायिक वाहनों की पीयूसी जांच करने और सभी पेट्रोल पंप पर प्रदूषण जांच केंद्र स्थापित कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि जिले में दुर्घटना संभावित स्थानों पर रंबल स्ट्रिपर लगाए।