देवास। स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित और मरीज-केंद्रित बनाने की दिशा में अमलतास इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस, बांगर द्वारा देवास जिले के शासकीय अस्पतालों में ‘क्वालिटी अवेयरनेस अभियान’ की शुरुआत की गई। अभियान का शुभारंभ शुक्रवार को महात्मा गांधी जिला चिकित्सालय, देवास में आयोजित प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम से हुआ।यह अभियान क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (QCI) की क्वालिटी एडवाइजरी प्रमोशन कमेटी (Q-PAC) की पहल के तहत अमलतास एजुकेशनल वेलफेयर सोसाइटी के चेयरमैन एवं Q-PAC (इंडिया) के सदस्य मयंकराज सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है।कार्यक्रम जिला प्रशासन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय के सहयोग से आयोजित किया गया। प्रशिक्षण सत्र में चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और तकनीशियनों को मरीजों की गुणवत्ता पूर्ण देखभाल एवं सुरक्षा, संक्रमण नियंत्रण, सीपीआर (CPR), अग्नि सुरक्षा, हैंड हाइजीन, दवा सुरक्षा तथा अस्पतालों में गुणवत्ता मानकों को बेहतर बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया गया।शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर ऋतुराज सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सरोजिनी जेम्स बैक, सिविल सर्जन डॉ. आर.पी. परमार, आरएमओ डॉ. अजय पटेल तथा अमलतास सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के क्वालिटी डायरेक्टर डॉ. जावेद अली सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं चिकित्सकीय स्टाफ उपस्थित रहे।सीएमएचओ कार्यालय के अनुसार जिला चिकित्सालय से शुरू हुआ यह अभियान आगामी दिनों में जिले के विभिन्न शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में भी संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य अस्पतालों में गुणवत्ता मानकों को मजबूत करना, मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाना है।
