देवास। मधुमिलन चौराहे के पास स्थित एक सीएनजी पंप पर काम करने वाले युवक के साथ आधा दर्जन से अधिक लोगों ने मारपीट कर दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। यह पूरी घटना 6 मार्च 2026 की रात करीब 7.30 से 8 बजे के बीच की बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरियादी मनीष मालवीय ने बताया कि वह मधुमिलन चौराहे के पास स्थित सीएनजी पंप पर काम करता है। उसी दौरान आरोपी सलीम अपनी टाटा मैजिक लेकर पंप पर गैस भरवाने आया था। सलीम ने अपनी गाड़ी में करीब 300 रुपए की गैस भरवाई थी। मनीष के अनुसार गैस भरवाने के बाद सलीम ने उससे कहा कि यह उसका इलाका है और अगर पंप पर काम करना है तो उसे पैसे देने होंगे। सलीम ने पंप पर काम करने के बदले उससे पैसों की मांग की। जब मनीष ने पैसे देने से मना कर दिया तो सलीम ने उससे विवाद शुरू कर दिया और उसे धमकाने लगा। मनीष का आरोप है कि पैसे देने से इनकार करने पर सलीम ने उसे जातिसूचक गालियां दीं और जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद सलीम वहां से चला गया, लेकिन थोड़ी देर बाद वह अपने कुछ अन्य साथियों के साथ वापस आया। सलीम अपने साथियों के साथ पंप पर पहुंचा और सभी ने मिलकर मनीष के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान मनीष को चोटें आईं। पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
इस मामले में औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर आरोपी सलीम निवासी रसूलपुर और उसके अन्य साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। रमेश कौशल के अनुसार विवाद के दौरान आरोपी ने रसूलपुर क्षेत्र से अपने कई साथियों को बुला लिया। सभी लोग हथियार लेकर मौके पर पहुंचे और मनीष के साथ जमकर मारपीट की। बताया जा रहा है कि जब फरियादी मनीष थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचा तो वहां भी उसे रोका गया। वहीं थाने से करीब 100 मीटर दूरी पर आरोपी और उसके साथियों ने काफी देर तक हंगामा किया। आरोप है कि सभी आरोपी रसूलपुर क्षेत्र के निवासी हैं और उनमें से अधिकांश मैजिक चालक हैं।
बजरंग दल की ओर से प्रशासन से मांग की गई है कि वायरल वीडियो और फुटेज के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

