देवास। युवाओं को सनातन संस्कृति से जोड़ने, समाज में जागरूकता बढ़ाने और जातिगत भेदभाव समाप्त कर सामाजिक एकता का संदेश देने के उद्देश्य से अखिल भारतीय सनातन परिषद के तत्वावधान में संस्था राम राम द्वारा हिन्दूवीर शैलेन्द्र सिंह पवार भाई साहब के नेतृत्व में जन जागृति सनातन यात्रा निकाली जा रही है। संस्था के नीरज वर्मा ने बताया कि यात्रा को लेकर बुधवार 16 सितंबर को विकास नगर स्थित निजी गार्डन में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। प्रेसवार्ता में परिषद के संभाग अध्यक्ष योगी महावीर महाराज, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव खण्डेलवाल, पूर्व देविप्रा अध्यक्ष राजेश यादव सहित संस्था के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए योगी महावीर महाराज ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को सनातन संस्कृति और उसके मूल विचारों से जोड़ना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से जन जागृति सनातन यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने बताया कि ऐसी यात्राएं देश के विभिन्न जिलों में आयोजित की जा रही हैं। यात्रा को लेकर समिति का गठन कर गांव-गांव बैठकें की जा रही हैं तथा युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया जा रहा है। संस्था के हिन्दूवीर शैलेन्द्र सिंह पवार भाई साहब ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य हिन्दू समाज और युवाओं को मजबूत एवं संगठित करना है। उन्होंने कहा कि समाज में जात-पात के नाम पर होने वाले विभाजन को समाप्त कर सभी को एकजुट करने की आवश्यकता है। वर्तमान में समाज जातिगत रूप से बंट रहा है और एक-दूसरे का विरोध कर रहा है। ऐसे में सकारात्मक ऊर्जा के साथ सभी को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से यह यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने बताया कि संस्था के कार्यकर्ताओं द्वारा गांव-गांव पहुंचकर बैठकें आयोजित की गई हैं और युवाओं को यात्रा के उद्देश्य एवं कार्यक्रम की जानकारी दी जा रही है। साथ ही अधिक से अधिक संख्या में युवाओं एवं समाजजनों से यात्रा में शामिल होने का आह्वान किया गया है। संस्था राम राम के नीरज वर्मा ने बताया कि 20 सितंबर को प्रात: 10 बजे विजयागंज मंडी से जन जागृति सनातन यात्रा का शुभारंभ होगा। यात्रा जिले के विभिन्न गांवों से होकर मक्सी बायपास के रास्ते देवास में प्रवेश करेगी। इसके बाद भोपाल चौराहा, सयाजी द्वार और एबी रोड होते हुए कैलादेवी मंदिर पहुंचेगी, जहां यात्रा का समापन होगा। प्रेसवार्ता का संचालन अजय तोमर ने किया। इस अवसर पर संस्था के सदस्य एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
युवाओं को सनातन से जोड़ने और सामाजिक एकता का संदेश देगी जन जागृति सनातन यात्रा20 सितंबर को विजयागंज मंडी से शुरू होगी यात्रा, विभिन्न गांवों से होकर देवास में कैलादेवी मंदिर पहुंचेगी

