देवास। अमर शहीद वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी के 168वें बलिदान दिवस के अवसर पर जिला केन्द्र देवास में एक भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन रानी अवंती बाई लोधी जन्म उत्सव समारोह समिति द्वारा 20 मार्च को श्याम गार्डन, इटावा (देवास) में संपन्न हुआ, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात उपस्थित अतिथियों ने रानी अवंतीबाई के अद्वितीय साहस, त्याग और देशभक्ति पर प्रकाश डालते हुए उनके जीवन चरित्र को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। इस अवसर पर अखिल भारतीय राष्ट्रीय अध्यक्ष रामगोपाल सिंह राजपूत, प्रदेश सचिव अभिलाष सिंह नरवरिया, प्रदेश मंत्री महेंद्र सिंह लोधी, जिला अध्यक्ष मिश्रीलाल जी एवं नगर अध्यक्ष राजेंद्र जी लोधी सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की विशेष उपस्थिति रही। सभी वक्ताओं ने अपने संबोधन में समाज की एकता, शिक्षा एवं संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया तथा युवाओं को रानी अवंतीबाई के आदर्शों पर चलने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में लोधी समाज के सैकड़ों लोगों के साथ-साथ मातृशक्ति की भी प्रभावशाली भागीदारी देखने को मिली। महिलाओं ने बढ़-चढ़कर कार्यक्रम में हिस्सा लिया और सामाजिक जागरूकता एवं एकता का संदेश दिया। पूरे आयोजन के दौरान देशभक्ति गीतों, नारों एवं सम्मान समारोह ने वातावरण को भावपूर्ण एवं ऊर्जावान बना दिया। समारोह के अंत में समाज के उत्थान, एकजुटता एवं आने वाली पीढ़ियों को संस्कारवान बनाने का संकल्प लिया गया। यह आयोजन श्रद्धा, सम्मान और गौरव के भाव के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

